9 दिसंबर को नागरिकता बिल लोकसभा में पेश होगा; कांग्रेस का प्याज कीमतों को लेकर प्रदर्शन

कांग्रेस ने गुरुवार को प्याज के बढ़ते दाम, महंगाई और अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम भी इसमें शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक, मोदी सरकार 9 दिसंबर को नागरिकता संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश करेगी। बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट से इसे मंजूरी मिली है। विपक्ष धार्मिक आधार पर भेदभाव का आरोप लगाकर बिल का विरोध कर रहा है। जनवरी में बिल लोकसभा में पास हुआ था, लेकिन राज्यसभा में अटक गया।


चिदंबरम ने कहा कि सरकार संसद में मेरी आवाज नहीं दवा सकती है। बुधवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि वे प्याज नहीं खाती हैं तो क्या खाती हैं? क्या वे ऐवेकाडो खाती हैं? यह अमेरिका में मिलने वाला एक फल है। आईएनएक्स मीडिया घोटाले में आरोपी चिदंबरम को सुप्रीम कोर्ट से बुधवार जमानत मिली। इसके बाद वे 106 दिन बाद जेल से बाहर आए हैं।


सभापति एम वेंकैया नायडू ने दुष्कर्म पीड़ित को जलाने की निंदा की
राज्यसभा में सभापति और राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने उत्तरप्रदेश के उन्नाव में दुष्कर्म पीड़ित को जलाने की निंदा की। उन्होंने कहा कि पूरा सदन इस घटना की निंदा करता है। मैंने उत्तरप्रदेश के मुख्य सचिव से संपर्क किया, उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। केवल एक मामले में गिरफ्तारी काफी नहीं है। हम देश और समाज में यह संदेश दें कि ऐसे मामलों में तेजी से और पर्याप्त कार्रवाई हो, ताकि इस प्रकार की घटनाएं दोहराई नहीं जा सके।